Bihar Rain Alert: बिहार में इस साल पहली बार मौसम विज्ञान केंद्र ने रेड अलर्ट जारी किया है, जो अपने आप में चिंता का विषय है। तेज़ आंधी, ओलावृष्टि, भारी बारिश, और वज्रपात (ठनका) के बढ़ते खतरे को देखते हुए गोपालगंज, सीवान, सीतामढ़ी, पूर्वी चंपारण और शिवहर जैसे ज़िलों में चेतावनी दी गई है। यह खराब मौसम 19 और 20 अप्रैल तक बना रह सकता है, तो चलिए आज के मौसम के बारे में जानते है।
क्या है रेड अलर्ट और ऑरेंज अलर्ट
रेड अलर्ट का मतलब है कि स्थिति अत्यंत गंभीर है और जन-जीवन को भारी नुकसान पहुँच सकता है। वहीं, ऑरेंज अलर्ट का मतलब होता है कि खतरा बना हुआ है और लोगों को उच्च सतर्कता बरतनी चाहिए।
उतर और दक्षिण बिहार के इन जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, सीतामढ़ी, शिवहर, दरभंगा और समस्तीपुर तथा दक्षिण बिहार के बेगूसराय, लखीसराय और नवादा जिले के लिए भी शुक्रवार के मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में आज 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवा चलने का पूर्वानुमान आइएमडी ने जारी किया है। इसके साथ ही कई जगहों पर वज्रपात और मेघ गर्जन की भी चेतावनी दी गयी है।
पटना- सिवान में किसानों की चिंता बढ़ी
सिवान जिले में गुरुवार को जबकि पटना में शुक्रवार को हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। लेकिन, कई जगहों पर पानी भर गया और कीचड़ हो गया। इससे लोगों को परेशानी हुई। बारिश की वजह से किसानों की चिंता बढ़ गई है। उनकी फसलें खासतौर पर गेहूं खेतों में खड़ी हैं। कुछ फसलें (चना, मसूर) कटकर खलिहान में रखी हुई हैं। बारिश से गेहूं की फसल बर्बाद होने का डर है।
पिछले 24 घंटे में मौसम की स्थिति
बारिश और आंधी का असर सिर्फ डर तक सीमित नहीं है, यह तापमान और प्रदूषण पर भी दिखने लगा है। डेहरी राज्य का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां पारा 39.3°C तक चढ़ा। गया भी 38°C पर पहुंचा।पटना, जो कि राजधानी है, वहां 35.6°C दर्ज हुआ, लेकिन हवा में नमी और गरमी ने इसे और असहनीय बना दिया। वहीं पूर्णिया और भागलपुर में बारिश के कारण थोड़ी राहत रही और तापमान क्रमश: 29.5°C और 32.6°C रहा है।