Bihar Weather: बिहार में एक बार फिर से मौसम का मिजाज बदल गया है। राज्य में पिछले कुछ दिनों से बारिश वाली स्थिति बनी हुई है। बीते दिन बुधवार को भी प्रदेश के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने आज बिहार के 8 जिलों में ऑरेंज, जबकि 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
इन सभी 32 जिलों में अगले 48 घंटे के बीच तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है। वहीं, अन्य 6 जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने गुरुवार को बिहार के लिए नाउकास्ट अलर्ट जारी किया है, तो चलिए इसके बारे में जानते है।
बिहार में आज का मौसम
आज हिमालय के तराई वाले जिले जैसे पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वा हवाओं के चलने के साथ बादल गरजने, ओले गिरने और बारिश होने की संभावना है। इनमें से किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश होने की संभावना है। ठनका गिरने की प्रबल संभावना को देखते हुए इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
इन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट
इसके अलावा गोपालगंज, सिवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, मधेपुरा, सहरसा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, खगड़िया, बांका, मुंगेर, जमुई, शेखपुरा, बेगूसराय, पटना, नालंदा, नवादा, जहानाबाद और गया में बादल गरजने और ओले गिरने के साथ बारिश होने और बिजली गिरने की प्रबल संभावना है। इस दौरान पूर्वा हवा की गति 40 से 50 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है। इन सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
12 अप्रैल तक मौसम का हाल
दूसरी ओर बिहार में आज सुबह सबसे कम तापमान दरभंगा का रहा। यहां का न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे अधिक न्यूनतम तापमान पटना में 27.5 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा गया का 27 डिग्री, वैशाली में 25.6 डिग्री, गोपालगंज में 26.2 डिग्री, सुपौल में 23.2 डिग्री, नालंदा में 24.2 डिग्री सेल्सियस रहा। आज भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं।