Bihar Weather Report: बिहार में पिछले करीब दस दिनों से मौसम सुहाना बना हुआ था। कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश ने लोगों को तेज गर्मी से राहत दी थी। लेकिन अब मौसम ने करवट ले ली है। शनिवार को राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आसमान साफ रहा और मौसम पूरी तरह शुष्क बना रहा। आज यानी सोमवार, 21 अप्रैल को भी मौसम का रुख लगभग वैसा ही रहने वाला है, तो चलिए इसके बारे में जानते है।
तापमान में बढ़ोतरी होने की आशंका
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बिहार में अब तापमान में तेज़ी से बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के निदेशक आशीष कुमार ने बताया कि अगले चार दिनों के दौरान राज्य के विभिन्न इलाकों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि संभव है। इस समय राज्य का अधिकतम तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, जो अब और चढ़ सकता है।
इन जिलों में लू को लेकर अलर्ट जारी
21 अप्रैल से 23 अप्रैल के बीच राज्य के कई जिलों में लू चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने बांका, जमुई, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नवादा, नालंदा, पटना, गया, बक्सर, औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास, जहानाबाद और अरवल जिलों में लू की स्थिति को लेकर अलर्ट जारी किया है।
वही, रोहतास जिले का डेहरी शहर लगातार दूसरे दिन सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में गर्मी बढ़ेगी और लोगों को सावधान रहने की आवश्यकता है।
इन 3 जिलों में चलेंगी तेज हवाएं
बिहार में मौसम की चाल बदलने लगी है। बीते दिनों आंधी-बारिश के बाद आज बिहार का मौसम शुष्क बना रहेगा। कहीं-कहीं हवाएं चल सकती हैं, लेकिन इन गति सामान्य होगी। आज से प्रदेश के तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। आने वाले दिनों में तापमान और तेजी से बढ़ेगा।