Bihar Weather Report: बिहार में मौसम में अचानक बदलाव आया है और अब राज्य में कई जिलों में बारिश, मेघ गर्जन और वज्रपात के साथ भारी मौसम की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के अनुसार, बिहार के कुछ प्रमुख जिलों में अगले कुछ घंटों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
इस दौरान बिजली गिरने की संभावना भी जताई गई है। प्रभावित जिलों में सीतामढ़ी, सहरसा, दरभंगा, मधुबनी और अररिया शामिल हैं। इन क्षेत्रों में अगले एक से तीन घंटों के भीतर मौसम और बिगड़ सकता है, तो चलिए इसके बारे में जानते है।
24 घंटे में कैसा रहा बिहार का मौसम
बीते मंगलवार को जारी हुई रिपोर्ट के अनुसार, सबसे अधिक तापमान औरंगाबाद में 39.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। दूसरे नंबर पर डेहरी है जहां 39.6 डिग्री तापमान रहा है। पटना की बात करें तो 0.1 डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर बिहार के सभी जिलों में 35 डिग्री से नीचे तापमान रहा. सबसे कम कटिहार में 31.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
बिहार वालों के लिए IMD का नया रिपोर्ट
आईएमडी द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व में बना निम्न दबाव का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा है। इसके बाद 8 अप्रैल से दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक निम्न दबाव क्षेत्र के रूप में बना हुआ है।
दूसरी ओर, पश्चिमी विक्षोभ एक गर्त के रूप में पश्चिमी हवाओं में अपनी धुरी के साथ समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर है। एक द्रोणिका दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश से बिहार होते हुए उत्तरी बांग्लादेश तक समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बनी हुई है। इन मौसमी सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव से बिहार के मौसम में बारिश जैसी स्थिति देखने को मिल रही है।
बिहार के इन जिलों में बढ़ेगा तापमान
बिहार मौसम सेवा केंद्र के अनुसार, कैमूर-रोहतास, औरंगाबाद, गया और बक्सर में अधिकतम तापमान 38 से 41 डिग्री तक रह सकता है। इन जिलों का पारा सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। IMD पटना के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटे के दौरान अधिकतर जगहों के तापमान में कुछ खास बदलाव नहीं रहेगा। उसके बाद 2 से 4 डिग्री तक अधिकतम पारा गिर सकता है।